देहरादून। थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के टर्नर रोड में एक बुजुर्ग विधवा महिला ने अपने बड़े बेटे और बहू पर मारपीट, गाली-गलौज तथा मकान पर कब्जा करने की नीयत से परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक टर्नर रोड निवासी सत्या राठौर ने 14 सितंबर को थाना क्लेमेंटटाउन में शिकायत दी। महिला ने बताया कि उनके पति आरआर राठौर का 8 मई 2025 को निधन हो गया था। इसके बाद वह अपने दोनों बेटों के साथ पति के मकान के अलग-अलग हिस्सों में रह रही हैं।
बुजुर्ग महिला का आरोप है कि उनका बड़ा बेटा विश्व दीपक राठौर और उसकी पत्नी बबीता राठौर मकान पर कब्जा करने की नीयत से लंबे समय से उनसे विवाद करते आ रहे हैं। महिला के मुताबिक, उनके पति ने भी वर्ष 2017 में बड़े बेटे और बहू के व्यवहार को देखते हुए अपनी चल-अचल संपत्ति से उन्हें बेदखल किए जाने संबंधी कार्रवाई की थी। इस संबंध में उनके पति ने तत्कालीन समय में एसएसपी देहरादून को शिकायत भी दी थी।
पहले भी मारपीट और धमकी का लगाया था आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि पति की मृत्यु के बाद 17 अगस्त 2025 को भी उनके बड़े बेटे और बहू ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी तथा उन्हें घर से निकालने की धमकी दी थी। इस घटना के संबंध में पुलिस को सूचना देने के साथ मुकदमा दर्ज होने की बात भी महिला ने शिकायत में कही है।
बुजुर्ग महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर घर में सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए थे। आरोप है कि बेटे और बहू ने इन कैमरों को तोड़ दिया। महिला ने पुलिस के समक्ष अपनी जान-माल को खतरा होने की आशंका भी जताई थी। इसके बाद उन्होंने 3 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी को शिकायत देकर अपने बड़े बेटे विश्व दीपक राठौर और उसकी पत्नी बबीता राठौर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार 14 सितंबर को विश्व दीपक राठौर द्वारा अपनी बुजुर्ग मां के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी विश्व दीपक राठौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
थाना क्लेमेंटटाउन प्रभारी लोक परमार ने बताया कि बुजुर्ग महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


