पत्नी से नाराज पति नशे में धुत होकर ओवरहेड टैंक पर जा चढ़ा। ऊपर चढ़कर जोर-जोर से चिल्लाने लगा तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। करीब तीन घंटे तक चली नौटंकी के दौरान एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। नशा उतरने पर वह खुद नीचे आ गया। उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामला देहरादून के डालनवाला थाना के नालापानी इलाके का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक शख्स का पत्नी से झगड़ा हुआ था। वह पत्नी पर किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का आरोप लगा रहा था। इसी बीच वह नालापानी में बने ओवरहेड टैंक पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि उसने झगड़े के बाद शराब पी थी। टंकी पर चढ़कर उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुचें कोतवाली डालनवाला प्रभारी निरीक्षक नंद किशोर भट्ट और अन्य पुलिसकर्मियों ने समझाने का प्रयास किया। उसने किसी की नहीं सुनी। इस बीच उस व्यक्ति को भी मौके पर बुला लिया गया जिसके साथ वह अपनी पत्नी के संबंध बता रहा था। पुलिस ने उसे भी डांट लगाई लेकिन फिर भी टंकी पर चढ़ा व्यक्ति नहीं माना। आखिरकार एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ कर्मी टंकी पर चढ़ने लगे, तब तक नशा उतरने पर वह खुद नीचे आ गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जलसंस्थान कर्मियों की शिकायत पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी का मेडिकल कराया गया जिसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हुई है।


