हरिद्वार। श्री सूरत गिरी बांग्ला गिरीश आनंद आश्रम के एकादश पीठाधीश्वर, महामंडलेश्वर आचार्य स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरी महाराज का 72वां आनंद उत्सव मंगलवार को आश्रम परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, विप्रजनों एवं श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर महाराज श्री को शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

आनंद उत्सव के अवसर पर प्रातःकाल गंगा पूजन, भगवान महादेव का विधिवत अभिषेक एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद आश्रम में भजन-कीर्तन और संत समागम का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस दौरान महामंडलेश्वर आचार्य स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरी महाराज ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित संतों एवं भक्तों ने महाराज श्री की आरती उतारकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा पुष्प अर्पित कर 72वें आनंद उत्सव की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर स्वामी विश्वरूपानंद, स्वामी कृष्णानंद, स्वामी धर्मानंद, स्वामी कमलानंद, स्वामी दुर्गेशानंद, स्वामी महेंद्रानंद, स्वामी रामानंद, स्वामी सच्चिदानंद सहित अनेक संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


