विनोद धीमान
हरिद्वार। जनपद के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव में खेत से घर लौट रहे एक युवक पर तीन युवकों द्वारा कथित रूप से चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत तीनों आरोपियों ने पहले युवक को रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और फिर विरोध करने पर उसे पकड़कर पेट में चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर रुड़की रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रायपुर निवासी नसीब खां पुत्र नूर हसन खां ने तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र सोनू सोमवार देर शाम करीब छह बजे खेत से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही वाजिद, आरिफ पुत्र असलम तथा सद्दाम पुत्र जाकिर हुसैन मिले, जो कथित रूप से शराब के नशे में थे।
आरोप है कि तीनों ने सोनू को रोकने का प्रयास किया। जब वह आगे बढ़ने लगा तो वाजिद और सद्दाम ने उसे पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी ने धारदार चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल सोनू को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रुड़की के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।


