बिल्केश्वर जंगल में मिली हथिनी की सड़ी-गली लाश, पहाड़ी से गिरने की आशंका

तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
हरिद्वार।
राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज में बिल्केश्वर कॉलोनी के पास जंगल में हथिनी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह गश्त के दौरान वनकर्मियों ने पहाड़ी के नीचे हथिनी का शव देखा। सूचना पर अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।


वन विभाग के अनुसार, हथिनी का शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। शव से उठने वाली दुर्गंध कॉलोनी तक पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों को भी इसकी जानकारी हुई। सूचना मिलने पर वन विभाग ने पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया। जंगल में ही हथिनी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को नियमानुसार जंगल में दफना दिया गया।


राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज की रेंज अधिकारी आभा रतूड़ी ने बताया कि मृत हथिनी की उम्र करीब 12 से 15 वर्ष के बीच आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में पहाड़ी से नीचे गिरने के कारण उसकी मौत होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।


वन विभाग की टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही हथिनी की मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *