हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत डॉ. रवींद्र पुरी महाराज ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनके सफल नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि वे उन्हें निरंतर प्रदेश और समाज की सेवा करने की शक्ति प्रदान करें।
श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्वरूप को सशक्त बनाने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाने में राज्य सरकार की भूमिका सराहनीय रही है। संत समाज की ओर से उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री धामी आगे भी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करते रहेंगे।
श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यश और जनसेवा का निरंतर अवसर प्राप्त हो तथा उनके नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, समृद्धि और आध्यात्मिक गौरव के नए आयाम स्थापित करे। उन्होंने कहा कि संत समाज सदैव प्रदेश की उन्नति, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थनारत है।


