दो अन्य लोगों के साथ मिलकर दूसरे विद्यार्थियों की अंकतालिकाओं पर फ्लूड लगाकर बदले नाम
हरिद्वार। जनपद के रुड़की में फर्जी शैक्षिक दस्तावेज तैयार कर नौकरी और पेंशन हासिल करने की साजिश का बड़ा मामला सामने आया है। दूसरे विद्यार्थियों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर नाम बदलने और फर्जी अंकतालिकाएं व स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) तैयार करने के आरोप में पुलिस ने शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी, पिरान कलियर के संचालक एवं प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को अपने ही कॉलेज में कक्षा दस में प्रवेश दिलाकर परीक्षा भी दिलाई गई थी। मामला मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन हासिल करने के कथित प्रयास में तैयार किए गए कूटरचित शैक्षिक दस्तावेजों से जुड़ा है।
मुख्य प्रशासनिक अधिकारी की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2025 को सिंचाई विभाग रुड़की के स्थापना खंड में तैनात मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालूराम यादव ने सिविल लाइंस कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें संदीप कुमार और सपना देवी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन हासिल करने के लिए धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक भजराम चौहान को सौंपी थी।
दसवीं की परीक्षा में दोनों हुए थे असफल
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों के शैक्षिक दस्तावेजों और संबंधित विद्यालयों के अभिलेखों की जांच की। इसमें सामने आया कि संदीप कुमार और सपना देवी ने वर्ष 2013-14 में शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी से दसवीं की परीक्षा दी थी, लेकिन दोनों असफल रहे थे। इसके बाद 14 अप्रैल 2014 को संदीप और 17 अप्रैल 2014 को सपना ने चौधरी रणजीत सिंह मेमोरियल हाईस्कूल सुनहरा, रुड़की में प्रवेश लिया। यहां से वर्ष 2015 में संदीप ने दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की, जबकि सपना असफल रही।
नौवीं की मार्कशीट में भी मिली गड़बड़ी
जांच में संदीप कुमार की वर्ष 2012-13 की कक्षा नौ की मार्कशीट भी संदिग्ध मिली। यह मार्कशीट शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी के नाम से जारी दिखाई गई थी। पुलिस के अनुसार, इसमें द्वितीय श्रेणी दर्ज थी, जबकि कॉलेज के तत्कालीन प्रधानाचार्य प्रदीप की चार मई 2012 को ही मृत्यु हो चुकी थी। विद्यालयी अभिलेखों की जांच में पता चला कि दोनों ने अप्रैल 2012 में सदल सिंह इंटर कॉलेज हबीबपुर नवादा में कक्षा नौ में प्रवेश लिया था और वर्ष 2012-13 में परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद पुलिस ने शिव बाबा इंटर कॉलेज के वर्तमान संचालक एवं प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार से पूछताछ की।
दूसरे विद्यार्थियों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर बदले नाम
पुलिस का आरोप है कि पूछताछ में रविंद्र कुमार ने कॉलेज के अभिलेखों में छेड़छाड़ कर दूसरे विद्यार्थियों की मार्कशीट पर फ्लूड लगाकर नाम बदलने और संदीप कुमार व सपना देवी के साथ मिलकर फर्जी अंकतालिकाएं और टीसी तैयार करने की बात स्वीकार की। आरोप है कि वर्ष 2009 की मार्कशीट भी कूटरचित तरीके से तैयार की गई थी। पुलिस ने रविंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार निवासी ग्राम माजरी, थाना पिरान कलियर को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया।
अन्य आरोपियों की भूमिका खंगाल रही पुलिस
फर्जी शैक्षिक दस्तावेजों के इस मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मार्कशीट और टीसी तैयार करने में अन्य किन लोगों की भूमिका रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन दस्तावेजों के जरिए मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन हासिल करने का कथित प्रयास किस तरह किया गया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

