अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करने पर भड़की पहाड़ी महासभा, विनोद आर्या के खिलाफ कोतवाली में दी तहरीर

मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
हरिद्वार।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में मुख्य आरोपी पुलकित आर्या के पिता एवं पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्या की ओर से अंकिता की कथित निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। सोमवार को पहाड़ी महासभा के पदाधिकारियों ने इसके विरोध में नगर कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और विनोद आर्या के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। महासभा ने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा।


महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा कि अंकिता भंडारी केवल एक परिवार की बेटी नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटी थी। उसके साथ हुई घटना ने प्रदेश को झकझोर दिया था। ऐसे संवेदनशील मामले में मृतका की निजी बातचीत सार्वजनिक करना उसकी निजता और गरिमा का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अपनी जगह है, लेकिन किसी मृतका की निजी जिंदगी से जुड़ी बातचीत को सार्वजनिक करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।


तरुण व्यास ने आरोप लगाया कि अंकिता के परिजनों को अभी तक न्याय नहीं मिला है और विनोद आर्या इस मामले को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर विनोद आर्या के पास अंकिता की कथित निजी चैट कहां से आई। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने विनोद आर्या की ओर से 50 करोड़ रुपये की संपत्ति पर बुलडोजर चलाए जाने संबंधी दावे की भी जांच कराने की मांग की।


महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सरिता पुरोहित ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए आज भी पूरा उत्तराखंड उसके माता-पिता के साथ खड़ा है। ऐसे में उसकी निजी चैट सार्वजनिक किए जाने से प्रदेशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने आशंका जताई कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस को पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।


गौरतलब है कि रविवार 15 नवंबर को विनोद आर्या ने अपने अधिवक्ता के साथ हरिद्वार में प्रेसवार्ता कर अंकिता भंडारी से जुड़ी कुछ कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थीं। इस दौरान उन्होंने हत्याकांड की जांच करने वाली एसआईटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए थे। इसके बाद राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।


वहीं, नगर कोतवाली में तैनात एसएसआई नंद किशोर ग्वाडी ने बताया कि पहाड़ी महासभा की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *