विनोद धीमान
हरिद्वार। जनपद के खानपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर बेला गांव के 35 वर्षीय युवक प्रमोद कुमार का 11 दिन बाद नरकंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
जानकारी के अनुसार शेरपुर बेला निवासी लाल सिंह सैनी का पुत्र प्रमोद कुमार उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के मंडावर थाना क्षेत्र स्थित टीप गांव के जंगल में हरियाणा निवासी टिंकू संजय कुमार के खेत पर काम करता था और वहीं रहता था। 17 जून को वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश के बाद 19 जून को मंडावर थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की।
शनिवार को शेरपुर बेला की बंगाली बस्ती के कुछ लोग जंगल में लकड़ी बीनने गए थे। इसी दौरान उन्हें एक नरकंकाल दिखाई दिया, जिसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही लक्सर के पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी, गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी सूरत शर्मा तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पैंट के आधार पर नरकंकाल की पहचान प्रमोद कुमार के रूप में की। इस दौरान उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने नरकंकाल के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि करीब 11 दिन पहले युवक के गुमशुदा होने की सूचना मिली थी और मंडावर थाने में तहरीर दी गई थी। बरामद नरकंकाल की प्रारंभिक पहचान परिजनों ने प्रमोद के रूप में की है। शरीर के कुछ हिस्सों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने पर खानपुर विधायक उमेश शर्मा भी पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने परिवार को हरसंभव आर्थिक और सामाजिक सहयोग का भरोसा दिलाते हुए पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच करने की मांग की।


