नेक राहवीर सम्मान: डॉ. नरेश चौधरी ने बचाई दो जिंदगियां, हुए सम्मानित

हरिद्वार। इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखण्ड के चेयरमैन एवं ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के प्रोफेसर (डॉ.) नरेश चौधरी को उनके साहसिक और मानवीय कार्य के लिए जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित ने आज पांच हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।

सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही परिवहन विभाग की नेक राहवीर योजना के तहत एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, 22 मई 2025 को नेशनल हाईवे नजीबाबाद मार्ग पर डॉ. नरेश चौधरी ने दो व्यक्तियों विजेन्द्र और सोनू को गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा देखा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए मौके पर प्राथमिक उपचार दिया। अपने निजी वाहन से दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया। एक घायल की हालत नाजुक होने पर स्वयं एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई और उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश तक पहुंचाया।


डॉ. चौधरी की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के कारण दोनों घायलों का बहुमूल्य जीवन बच सका।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि डॉ. नरेश चौधरी ने जो कार्य किया है, वह न केवल सराहनीय है बल्कि समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में स्वर्णिम समय के भीतर घायलों को उपचार मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि हर नागरिक इस दिशा में जागरूक हो जाए, तो दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।


सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. नरेश चौधरी ने कहा कि मानव सेवा उनके जीवन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान उन्हें और अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ समाज सेवा करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने इसे अपने जीवन की अमूल्य पूंजी बताते हुए कहा कि लोगों का विश्वास और आशीर्वाद ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है।


इस मौके पर संयुक्त आयुक्त परिवहन राजीव मेहरा, आरटीओ संदीप सैनी, श्रीमती अनिता चमोला, एआरटीओ निखिल शर्मा, नेहा झा, परिवहन अधिकारी भारत भूषण, उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अरुण त्रिपाठी व परिसर निदेशक डॉ. अनूप गक्खड़ सहित कई अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने डॉ. नरेश चौधरी को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *