देहरादून। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने कथित तौर पर धारदार कृषि उपकरण से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। वहीं आरोपी पति रामजी लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तीन महीने पहले ही देहरादून आया था परिवार
जानकारी के मुताबिक रामजी लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ करीब तीन महीने पहले काम की तलाश में देहरादून आया था। करीब दस दिन पहले ही परिवार ने डालनवाला क्षेत्र की मोहनी रोड पर किराये पर कमरा लिया था।
काम पर जाने को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे। बुधवार सुबह रामजी लाल काम पर नहीं गया। इसको लेकर उसकी पत्नी ने उसे काम पर जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में रामजी लाल ने पत्नी पर पाटल से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी के नशे का आदी होने की बात सामने आई
घटना के बाद आरोपी के मौके से फरार होने की बात सामने आई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
मृतका की बहन सोनू पाल के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले किसी बड़े विवाद या मारपीट की जानकारी नहीं थी। हालांकि, उन्होंने बताया कि रामजी लाल नशे का आदी था और घटना के समय भी उसके नशे में होने की बात सामने आई है।
पुलिस जांच में जुटी
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


