मोक्ष धाम भजनानंद आश्रम को बेचने की कोशिश का आरोप, लाखों रुपये बयाना लेने का दावा

फर्जी ट्रस्ट बनाकर करोड़ों में आश्रम का सौदा करने का आरोप, ट्रस्ट अध्यक्ष ने दी कानूनी कार्रवाई की जानकारी


हरिद्वार।
उत्तरी हरिद्वार की मुखिया गली स्थित मोक्ष धाम भजनानंद आश्रम को लेकर विवाद सामने आया है। आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष भगत ऋषि राम ने आश्रम के एक व्यक्ति पर फर्जी ट्रस्ट बनाने, आश्रम को बेचने का सौदा करने और आश्रम में अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त होने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भगत ऋषि राम ने बताया कि वर्ष 2021 में आश्रम के तत्कालीन अध्यक्ष एवं उनके गुरु अमरदेव महाराज ने उन्हें ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाया था। तब से वह अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि काफी समय पहले अमरदेव महाराज साहिल उर्फ गोपाल हरि निवासी गांव पटवा, रोहतक (हरियाणा) को आश्रम लेकर आए थे। उस समय वह बच्चा था। भगत ऋषि राम के अनुसार, अमरदेव महाराज ने उसे अपना शिष्य नहीं बनाया था, लेकिन आश्रम में रहने के कारण उनकी मृत्यु के बाद उसे देखभाल के लिए दो कमरे दे दिए गए थे।

आरोप है कि इसी बीच गोपाल हरि ने आश्रम को बेचने की कोशिश शुरू कर दी और आश्रम के नाम से अलग फर्जी ट्रस्ट बना लिया। इस ट्रस्ट में सात सदस्य बनाए गए। भगत ऋषि राम ने बताया कि मामले का खुलासा तब हुआ, जब इस कथित ट्रस्ट की गतिविधियों में शामिल बताए जा रहे व्यक्ति का अपने पड़ोसी हरीश से लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद हरीश ने उन्हें आश्रम से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने दावा किया कि आश्रम का करोड़ों रुपये में सौदा किया गया है और इसके एवज में गोपाल हरि करीब 71 लाख रुपये बयाने के तौर पर ले चुका है। भगत ऋषि राम ने कहा कि उनके पास आरोपों से संबंधित साक्ष्य मौजूद हैं और इस मामले में गोपाल हरि के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही लोगों से ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की। पत्रकार वार्ता में आश्रम ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राकेश सेठी और अशोक शर्मा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *