मंत्री के छापे से मचा हड़कंप, गैरहाजिर मिले अफसर-कर्मचारी
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को जसपुर नगर पालिका परिषद का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित मिले, जबकि कार्यालय परिसर में शराब की खाली बोतलें और मदिरा सेवन से जुड़ी सामग्री मिलने पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई।
मंत्री ने उपस्थिति रजिस्टर की जांच कर अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल जांच कर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की और अधिकारियों को जनहित के सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि जनता को बेहतर सेवाएं देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और लापरवाही करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।


