भजन क्लबिंग में संगीत, भक्ति और अध्यात्म का अनूठा संगमय 900 से अधिक कार्यक्रमों के जरिए खुशी बांटने में जुटी MAAsterG की टीम
दुबई। दुबई के ऊद मेहता स्थित ग्लेनडेल इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ‘अनहद नाद MAAsterG के साथ भजन क्लबिंग’ में भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक ज्ञान का अनूठा संगम देखने को मिला। कैनफील्ड की ओर से गॉड होम जर्नी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में MAAsterG विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों के बीच आध्यात्मिक विचारों ने उपस्थित लोगों को प्रेम, आत्मिक आनंद और आंतरिक शांति का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भजन गायक महावीर शर्मा, वृंदावन के बिहारी दास, भजन गायिका अल्पिता, यूट्यूब गायक सिद्धार्थ सलाथिया और बॉलीवुड गायक गुराशिश सिंह की विशेष उपस्थिति रही। इसके अलावा बुआब्दुल्ला, सामुदायिक नेतृत्वकर्ता एवं उद्यमी वीना उत्तमचंदानी, एम्बेसडर लैला रहाल एल अतफानी, अमीराती अभिनेता अब्दुल्ला अल जफाली, उद्यमी एवं समाजसेवी रिजवान अडातिया और सिंधी व्यवसायी राम कुमार टोलानी सहित कई विशिष्ट लोग मौजूद रहे।
‘भगवान को सबसे आगे रखें, गीत भजन बन जाएंगे’
MAAsterG ने भजन का अर्थ समझाते हुए कहा कि जब हमारे गानों में भगवान को सबसे आगे रखा जाता है, तब वे भजन बन जाते हैं। भजन केवल गाना नहीं, बल्कि उसके भाव में पूरी तरह डूब जाने का अनुभव है, जहां गाने वाले और भजन के बीच का भेद मिटने लगता है। उन्होंने कहा कि ‘अनहद नाद’ आंतरिक अनुभूति का प्रतीक है, जहां संगीत परमात्मा से जुड़ने और आत्मिक शांति पाने का माध्यम बनता है।
प्रेम के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “प्रेम ही परमात्मा है।” जब परमात्मा प्रेम है तो हमारे भीतर भी प्रेम होना चाहिए। भजन का उद्देश्य केवल परमात्मा का गुणगान करना नहीं, बल्कि उसके प्रेम को अपने भीतर अनुभव कर उसे दूसरों तक पहुंचाना भी है।
‘मिशन 800 करोड़’ से खुशी बांटने का संकल्प
आयोजकों के अनुसार, MAAsterG को वर्ष 2007 में आत्मबोध हुआ था। इसके बाद करीब 18 वर्षों तक उन्होंने अपने अनुभवों को लोगों के साथ व्यक्तिगत रूप से निःशुल्क साझा किया। उन्होंने बताया कि 10 वर्ष के बच्चे से लेकर 80 वर्ष की बुजुर्ग महिला तक, चार पीढ़ियों को एक साथ आनंद में झूमते देख उन्हें इस ज्ञान को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने की प्रेरणा मिली।
दिसंबर 2023 में वह ‘MAAsterG’ नाम से सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर सक्रिय हुए। इसी के साथ ‘मिशन 800 करोड़’ की शुरुआत हुई, जिसका उद्देश्य दुनिया के अंतिम व्यक्ति तक खुशी पहुंचाना है। मिशन का नारा ‘हैप्पीनेस गारंटीड’ रखा गया है। उनके मुताबिक, अब तक वह अपनी कम्युनिटी टीम के साथ 900 से अधिक कार्यक्रम कर चुके हैं।
MAAsterG दिल्ली और कोलकाता के पुलिस मुख्यालयों, भारतीय सेना, विभिन्न बार एसोसिएशनों, विश्वविद्यालयों, ग्लोबल आध्यात्मिक महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव सहित कई मंचों पर अपना ज्ञान साझा कर चुके हैं। उनका संदेश है‘रोज की एक वाणी रखे दुखों से दूर।’ उनका ज्ञान ‘MAAsterG’ और ‘God Home Journey’ यूट्यूब चौनलों पर निःशुल्क उपलब्ध है।

