कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश, गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर

हरिद्वार। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा की तथा विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आगामी कुंभ मेला दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित रूप में आयोजित हो सके।


सीसीआर भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने कुंभ मेला-2027 से संबंधित अवस्थापना विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं और विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग अपने कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।


उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे, इसलिए सुगम आवागमन, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़कों, पुलों, घाटों, पार्किंग स्थलों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी समय रहते मजबूत करने पर बल दिया गया।


मंत्री ने आगामी मानसून को देखते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा ऋतु से पहले अधिकतम प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी परियोजना में तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आने पर उसे तत्काल शासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि समय पर समाधान किया जा सके।


बैठक में सोनिका ने कुंभ मेला-2027 के लिए स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सभी कार्यों के लिए स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित की गई है और उनकी नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि निर्माणाधीन घाटों के कार्य समय पर पूरे कराने के लिए गंगा नहर की क्लोजर अवधि बढ़ाने का अनुरोध उत्तर प्रदेश शासन को भेजा गया है।


मीडिया से बातचीत में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार ने शंकराचार्यों को कुंभ मेला-2027 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है तथा सभी अखाड़ों और आश्रमों से निरंतर संवाद स्थापित कर उनके सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत समाज और धार्मिक संस्थाओं का सहयोग मेले के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


इस दौरान मंत्री ने सीसीआर-2 भवन और एडमिन रोड के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ मेला-2027 को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और तैयारियों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *