प्रेम विवाह की जिद बनी जानलेवा! परिजनों से विवाद के बाद युवती ने फांसी लगाकर दी आत्महत्या

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रायघटी गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 19 वर्षीय युवती ने कथित रूप से प्रेम विवाह की इच्छा पूरी न होने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को भिक्कमपुर चौकी पुलिस को सूचना मिली कि रामपुर रायघटी निवासी अंजली (19) पुत्री जोगेंद्र ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिजनों की मदद से कमरे का दरवाजा खोला गया तो युवती का शव चुन्नी के सहारे फंदे से लटका मिला।

वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, युवती का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और वह उससे विवाह करना चाहती थी। बताया जा रहा है कि परिवार उसके विवाह की बात किसी अन्य स्थान पर कर रहा था, जिसको लेकर घर में विवाद और कहासुनी हुई थी। इसी के बाद युवती अपने कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ समय बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *