लक्सर क्षेत्र में फाइनेंस कर्मी से लूट की घटना का खुलासा, फरार तीन आरोपित दबोचे

पुराना नौकर निकला साजिशकर्ता, नौकरी छूटी तो दोस्तों संग मिलकर दिया वारदात को अंजाम
विनोद धीमान

हरिद्वार। दो दिन पूर्व लक्सर क्षेत्र में फाइनेंस कर्मी से लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए फरार तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से लूट की रकम व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। इस घटना का सूत्रधार पुराना नौकर निकला। एक आरोपित को घटना के वक्त ही लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक 1 फरवरी को रवि राठौर पुत्र मुन्ना लाल निवासी लक्सर गांव थाना कोतवाली लक्सर के साथ चार बदमाशों ने रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट करते हुए कलैक्शन की बैग में रखी रकम व मोबाइल छीन लिया था। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपित को पकड़ लिया था, जबकि तीन आरोपित फरार होने में कामयाब रहे थे। इस संबंध में रवि राठौर ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था।

लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने टीम गठित कर मामला का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर अलग-अलग माध्यमो से आवश्यक जानकारी जुटाई तथा वारदात में इस्तेमाल मोटर साइकिल व संदिग्ध गतिविधियों का डाटा एकत्रित कर प्रकाश में आये 04 संदिग्धों में से तीन को चैकिंग के दौरान लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने संदिग्धों के कब्जे से लूटी गयी कुल 185000 नकदी, वारदात में इस्तेमाल मोटर साईकिल, पीड़ित का आधार कार्ड व 01 बैग बरामद किया।

ऐसे की वारदात
पूछताछ में एक आरोपित गुलशेर ने बताया कि वह लक्सर स्थित परचून की दुकान पर पिछले 6-07 साल से काम करता था व ई-रिक्शा से परचून का सामान अन्य दुकानदारों को सप्लाई करता था। लेकिन दुकान स्वामी से अनबन होने पर कुछ दिन पहले उसने काम छोड़ दिया। उसे पता था कि बेचे जाने वाले सामान का कलैक्शन रवि नाम का युवक करता है और हर रविवार को सुल्तानपुर की तरफ से दुकानों से पैसे के कलैक्शन की मोटी रकम लेकर दुकान स्वामी को लाकर देता है।
आरोपी गुलशेर ने अपने गाँव के साथियों सलमान, फरमान और साहिल निवासीगण खण्डजा कुतुबपुर कोतवाली लक्सर को रवि के बारे में बताया और लूटकर अच्छा मुनाफा कमाने का प्रस्ताव रखा। वारदात के दिन चारों ने दोपहर के वक्त साथ मिलकर रवि को डंडांे से पीटा और कलैक्शन के पैसों वाला बैग छीनकर फरार हो गये।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपितों का चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *