अवैध पशु कटान का भंडाफोड़, 300 किलो मांस के साथ तीन गिरफ्तार

हरिद्वार। जनपद में गौकशी, पशु तस्करी एवं अवैध पशु कटान के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पशु कटान के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 300 किलोग्राम भैंसवंशीय मांस तथा पशु कटान में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार गौवंश संरक्षण स्क्वाड गढ़वाल रेंज और कोतवाली पिरान कलियर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं गश्त अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम कलियर स्थित मीट मार्केट पहुंची, जहां एक किराये की मीट की दुकान में तीन व्यक्ति बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से पशु कटान करते हुए पाए गए।


पुलिस के अनुसार निरीक्षण के दौरान दुकान में अत्यधिक गंदगी पाई गई। मृत पशु का रक्त फर्श पर बने गड्ढे में एकत्र किया गया था, जबकि आसपास पशु अपशिष्ट भी बिखरा पड़ा मिला। ऐसी अस्वच्छ परिस्थितियों में मांस का विक्रय किए जाने से संक्रमण फैलने और जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है।


संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम पते समीर पुत्र वहीद, निवासी वार्ड नंबर-1, कलियर, हरिद्वार (उम्र 20 वर्ष), रमजान पुत्र मंजूर, निवासी मोहल्ला अजमेरी गेट, वार्ड नंबर-1, कलियर, हरिद्वार (उम्र 38 वर्ष) व अमन पुत्र फुरकान, निवासी वार्ड नंबर-1, कलियर, हरिद्वार (उम्र 21 वर्ष) बताए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *