पुलिस सुरक्षा में नसीरपुर कला में हुआ होलिका दहन


विनोद धीमान
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र के गांव नसीरपुर कला में मंगलवार रात करीब 8:30 बजे कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच होलिका दहन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। क्षेत्र को अति संवेदनशील मानते हुए पुलिस प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया था।


होलिका दहन के दौरान पथरी थाना अध्यक्ष मनोज नौटियाल स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरी व्यवस्था की कमान संभाले रहे। उनके नेतृत्व में पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की, जिसके चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ।
ज्ञात हो कि चंद्र ग्रहण के चलते क्षेत्र के अधिकांश स्थानों पर सोमवार को ही होलिका दहन कर लिया गया था, लेकिन नसीरपुर कला में ग्रहण की अवधि समाप्त होने के बाद मंगलवार को विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया गया।


थाना अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया, “नसीरपुर कला को संवेदनशील श्रेणी में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और आगे भी सतर्कता बरती जाएगी।”
पुलिस प्रशासन की सतर्कता और ग्रामीणों के सहयोग से कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *