हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में रविवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस कंट्रोल रूम पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर शहर में चार दिन के भीतर बम विस्फोट करने की धमकी दे डाली। धमकी भरे कॉल के बाद पुलिस प्रशासन, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा तंत्र में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस कंट्रोल रूम को रविवार तड़के आई कॉल में आरोपी ने चार दिन के भीतर बम विस्फोट करने की स्पष्ट धमकी दी, जिसके बाद पूरे मामले को गंभीर सुरक्षा खतरे के रूप में लिया गया।
धमकी मिलने के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, एलआईयू और अन्य खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी। कॉल करने वाले की लोकेशन और मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच कराई जा रही है, ताकि कॉल की वास्तविक लोकेशन और आरोपी की पहचान जल्द से जल्द की जा सके।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
धर्मनगरी में धमकी भरे कॉल के बाद सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ गई है और पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।


