12 घंटे में हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन, डायल 112 पर कॉल कर फैलाई थी दहशत
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को कोतवाली नगर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने डायल 112 पर कॉल कर आगामी चार दिनों के भीतर हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी दी थी, जिससे पुलिस और खुफिया एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी दी। कॉलर ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देश और राज्य के उच्च पदाधिकारियों के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0-250/2026 के तहत धारा 351(3), 351(4), 352 एवं 353(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और मोबाइल ट्रेसिंग के जरिए आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को रोडीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अत्यधिक शराब के नशे में यह धमकी भरा कॉल किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। फिलहाल मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
आरोपी का नाम पता सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत
निवास: ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल
उम्र: 30 वर्ष बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी का अब तक कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं।


