बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ का हरिद्वार तक विस्तार, वेरावल और ओखा के लिए नई एसी एक्सप्रेस
देहरादून। उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने हरिद्वार को तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की सौगात दी है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ ही हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए नई एसी एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को मंजूरी प्रदान की है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र के माध्यम से इन रेल सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। इन नई सुविधाओं से हरिद्वार की देश के प्रमुख शहरों और धार्मिक स्थलों से रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल सेवाओं से उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा आम यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। हरिद्वार से गुजरात के प्रमुख धार्मिक एवं तटीय क्षेत्रों तक सीधी एसी रेल सेवाओं के विस्तार से यात्रियों की आवाजाही और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

