हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी की ओर से रानीपुर विधानसभा के ज्वालापुर चौक बाजार मंडल में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
तिरंगा यात्रा के मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान रहे। यात्रा ज्वालापुर चौक बाजार से शुरू होकर बाजार के विभिन्न मार्गों और क्षेत्रों से होते हुए आगे बढ़ी। इसमें बड़ी संख्या में युवा, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र के प्रति समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
विधायक ने कहा कि देश का युवा भारत की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर अपनी नई पहचान बना रहा है। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना प्रत्येक कार्यकर्ता के संस्कारों में है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करने तथा युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण देशभक्तिमय बना रहा। स्थानीय नागरिकों के उत्साहपूर्ण स्वागत से यात्रा और भव्य हो गई। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


