हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के नवनियुक्त जिला संयोजक प्रदीप कालरा एवं सहसंयोजक वैभव शिवपुरी के सम्मान में हरिद्वार में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड से संबद्ध जिला, शहर, युवा एवं तहसील व्यापार मंडल द्वारा आयोजित इस समारोह में व्यापारिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों और व्यापारियों ने माल्यार्पण एवं पटका पहनाकर दोनों पदाधिकारियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ का जिला संयोजक व्यापारी समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदीप कालरा के नेतृत्व में हरिद्वार का व्यापारी वर्ग और अधिक संगठित होगा तथा व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की व्यापार-हितैषी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक व्यापारियों तक पहुंचाने में व्यापार प्रकोष्ठ अहम भूमिका निभाएगा।
सम्मान समारोह की अध्यक्षता संजीव नैय्यर ने की, जबकि संचालन नागेश वर्मा और संदीप शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का संयोजन राजीव पराशर एवं विकास गुलाटी ने किया।
इस अवसर पर प्रदीप कालरा ने सभी व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापार प्रकोष्ठ व्यापारी समाज और सरकार के बीच विश्वास एवं समन्वय का मजबूत माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से संबंधित अधिकारियों एवं शासन तक पहुंचाकर उनके समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। संगठन का उद्देश्य प्रत्येक व्यापारी को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, सामाजिक प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित व्यापारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदीप कालरा एवं वैभव शिवपुरी के नेतृत्व में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ हरिद्वार में व्यापारियों के हितों की प्रभावी आवाज बनकर संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान करेगा।


