डाक कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक दिन में 60.70 लाख शिवभक्त रवाना

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के 11वें दिन हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रा को लेकर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को 60 लाख 70 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक 3 करोड़ 80 लाख 18 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।


मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कांवड़ मेले के 11वें दिन शिवभक्तों की भारी भीड़ हरिद्वार में दिखाई दी। लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।


कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।


प्रशासन की ओर से शिवभक्तों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही प्रयोग करें और पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *