हरिद्वार। जिले में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बड़ा निर्णय लेते हुए सभी स्कूलों के समय में परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं। यह नया समय 27 अप्रैल से 26 मई तक प्रभावी रहेगा।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक के विद्यालयों का संचालन प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया जाएगा। वहीं कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल का समय प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय बच्चों को हीटवेव के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए लिया गया है। साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि सभी विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं।
स्कूलों के लिए जारी किए गए अहम निर्देश
सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों को निम्नलिखित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है—
नियमित अंतराल पर “वॉटर बेल” बजाई जाए, ताकि बच्चे समय-समय पर पानी पी सकें
सभी विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए
कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था हो
ओआरएस और प्राथमिक उपचार की दवाइयां उपलब्ध रखी जाएं
छात्रों को हीटवेव से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए
तेज धूप में खेल-कूद और बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाई जाए
छुट्टी के बाद छात्रों को समूह में घर भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सख्ती से होगा अनुपालन
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सभी विद्यालय निर्धारित समय-सारणी और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।


