रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं: सूमो की टक्कर से डॉक्टर की दर्दनाक मौत, बाजार बंद

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर केदारघाटी से बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार डॉ. कैलाश पुष्पाण की मौत हो गई। टाटा सूमो की जोरदार टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल डॉक्टर को गुप्तकाशी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही पूरे ऊखीमठ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


सूमो की टक्कर से सड़क पर गिरे डॉक्टर
प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. कैलाश पुष्पाण शुक्रवार दोपहर स्कूटी से भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही टाटा सूमो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉक्टर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश हो गए। हादसे के बाद सूमो चालक उन्हें उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल लेकर पहुंचा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद डॉ. कैलाश पुष्पाण को मृत घोषित कर दिया।


क्षेत्र में बनाई थी अलग पहचान
डॉ. कैलाश पुष्पाण पंचकेदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य परकंडी प्रीति पुष्पाण के पति थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक डॉ. पुष्पाण अपने सरल, सहज और मिलनसार व्यवहार के लिए जाने जाते थे। सेवाभाव और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने के कारण उन्होंने क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई थी।


शोक में बंद रहे ऊखीमठ के प्रतिष्ठान
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग गुप्तकाशी स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। वहीं डॉ. पुष्पाण के निधन से दुखी ऊखीमठ के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर शोक व्यक्त किया। रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना से क्षेत्र में उत्सव का माहौल गहरे मातम में बदल गया।


चालक के फरार होने की बात, जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद टाटा सूमो चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा गुप्तकाशी में शव के पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार तहरीर मिलने के बाद मामले में विधिवत जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *