हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा श्री शंभू दशनाम पंचायती अखाड़ा के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत चेतनानंद गिरि महाराज ने हाल ही में मेला प्रशासन और संतों की बैठक के दौरान अखाड़े के श्रीमहंत महामंत्री सत्यगिरि महाराज के बीच बैठक से चले जाने को लेकर चल रही बयानबाजी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
श्रीमहंत चेतनानंद गिरि महाराज ने कहा कि श्रीमहंत सत्यगिरि महाराज पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं। बैठक में आने से पहले वे अपनी दवा लेना भूल गए थे। बैठक के दौरान जब उन्हें दवा का समय याद आया तो स्वास्थ्य कारणों से उन्हें बीच में ही बैठक छोड़कर जाना पड़ा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक छोड़ने के पीछे किसी प्रकार का विवाद, नाराजगी या अन्य कोई कारण नहीं था। मीडिया और सोशल मीडिया में इस संबंध में जो तरह-तरह की अटकलें और बयान सामने आ रहे हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि बिना तथ्य के किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें।


