हेलमेट नहीं पहना तो कार्रवाई तय, हरिद्वार में 160 वाहनों के चालान


हरिद्वार। यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ परिवहन विभाग ने 27 अगस्त को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 160 चालान किए गए और करीब ₹3.91 लाख की शमन राशि आरोपित की गई। सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने के 76 मामलों में हुई। इसके अलावा बिना कर रसीद, वैध परमिट के अभाव, सीट बेल्ट न लगाने, यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग समेत अन्य उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की गई।


अभियान के दौरान 37 वाहनों की RC अभिरक्षा में ली गई, जबकि 3 वाहनों को एआरटीओ कार्यालय लाया गया। बाहरी राज्यों, विशेषकर उत्तर प्रदेश में पंजीकृत पर्यटक एवं वाणिज्यिक वाहनों की भी विशेष जांच की गई।


जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चले अभियान में प्रवर्तन टीमों को हेलमेट, सीट बेल्ट, परमिट, कर, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस और ओवरलोडिंग जैसे सड़क सुरक्षा से जुड़े उल्लंघनों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और गंभीर अथवा बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *