गौतम फार्म के पास महिला से चेन झपटने का मामला, चोरी की बाइक और पांच हजार रुपये बरामद
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने महिला से चेन झपटने के मामले का खुलासा करते हुए एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल और पांच हजार रुपये बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में कोतवाली नगर हरिद्वार में चोरी का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, अलंकार विहार कनखल निवासी महिला ने छह अक्तूबर को तहरीर देकर बताया था कि पांच अक्तूबर को वह अपनी सहेली के साथ सुबह की सैर के बाद प्रेमनगर से कनखल स्थित घर लौट रही थी। गौतम फार्म के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसके गले से चेन झपटी और फरार हो गए। तहरीर के आधार पर कनखल कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर सुराग जुटाए। आठ अक्तूबर को श्रीयंत्र पुलिया के पास पुलिस ने पल्सर बाइक सवार विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया। पूछताछ में किशोर ने बताया कि पांच अक्तूबर को उसने अपने साथी के साथ गौतम फार्म के पास महिला से चेन झपटी थी। दोनों ने चेन को दिल्ली में 10 हजार रुपये में बेच दिया था। इसके बाद छह अक्तूबर को वह नरेश उर्फ भिंडे उर्फ राज के साथ दोबारा चेन लूटने के इरादे से आया था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों सड़क से जंगल की ओर भाग गए थे। नरेश के पकड़े जाने के बाद किशोर वहां से फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, ब्रह्मपुरी हरिद्वार से चोरी की गई पल्सर बाइक को दोनों ने हरिद्वार की पार्किंग में छिपाकर रखा था। किशोर जब बाइक लेने पार्किंग पहुंचा और उसे लेकर वापस जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे संरक्षण में ले लिया। बरामद पल्सर बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। जांच में बाइक के संबंध में कोतवाली नगर हरिद्वार में मुकदमा दर्ज होना पाया गया। विधि विवादित किशोर को संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

