बिजली चोरों पर टूटा विभाग का कहर, चार पकड़े

बकायेदारों के कनेक्शन काटे, घर-घर मीटरों की जांच से मचा हड़कंप


विनोद धीमान
हरिद्वार।
बिजली चोरी और बकाया बिलों के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार को ताबड़तोड़ अभियान चलाया। एसडीओ गिन्नी रानी और अवर अभियंता पवन सक्सेना के नेतृत्व में टीम ने ग्राम कुंहारी में छापेमारी कर बकायेदारों के कनेक्शन काटे। जांच के दौरान बिजली चोरी करते चार लोगों को पकड़ा गया।


इसके बाद टीम ने भोवापुर चमरावल में घर-घर पहुंचकर विद्युत मीटरों और कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान दो घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। विभाग ने दोनों मामलों में थाना लक्सर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। अचानक हुई कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों और बड़े बकायेदारों में हड़कंप मच गया।

चोरी मिली तो होगी कार्रवाई
एसडीओ गिन्नी रानी ने कहा कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच के दौरान चोरी पकड़े जाने पर संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने और बिजली चोरी से दूर रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बिजली चोरी करने वाला व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभागीय टीमें लगातार गांवों में मीटर, कनेक्शन और बिजली के इस्तेमाल की जांच करेंगी। अधिशासी अभियंता देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में अभियान आगे भी प्रतिदिन जारी रहेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने और बिजली की बचत करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *