भीषण बस हादसा, आठ यात्रियों की मौत, 25 घायल, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस

हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी विश्वनाथ सेवा की बस, तीन साल की बच्ची और उसकी मां भी घायल; एम्स में 18 और राजकीय चिकित्सालय में सात घायलों का उपचार

ऋषिकेश। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। टिहरी जिले के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी विश्वनाथ सेवा की बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 32 यात्री सवार थे।


जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे बस संख्या UK09PA9779 हरिद्वार से बदरीनाथ की ओर जा रही थी। गूलर के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली।


सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमें भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

अपर जिलाधिकारी टिहरी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 18 को एम्स ऋषिकेश और सात को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू अभियान पूरा हो चुका है। घायलों के उपचार में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों से संपर्क करने की कार्रवाई की जा रही है।
इससे पहले एसडीआरएफ के इंचार्ज कविंद्र सजवाण ने बताया था कि बस में करीब 32 यात्री सवार थे। शुरुआती जानकारी में छह लोगों की मौत और करीब 20 लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी। रेस्क्यू अभियान आगे बढ़ने के साथ मृतकों और घायलों की संख्या में इजाफा हुआ।


तीन साल की बच्ची और उसकी मां भी घायल
हादसे में घायल यात्रियों की शुरुआती सूची में झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली और असम के निवासी शामिल हैं। घायलों में तीन वर्षीय आयरा और उसकी 26 वर्षीय मां नूरजहां भी हैं। इसके अलावा झारखंड के दुमका निवासी मोहम्मद वहाब अंसारी, अर्जुन सौरन, बुधन मुर्मू और राजकुमार शामिल हैं।

बिहार के पटना निवासी राहुल कुमार और जहानाबाद निवासी संतोष कुमार भी घायल हुए हैं। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी अभिषेक और प्रत्यूष, रुद्रप्रयाग निवासी पंकज नेगी तथा चमोली के कर्णप्रयाग निवासी वीरेंद्र सिंह के नाम भी सूची में शामिल हैं। दिल्ली के शाहदरा निवासी जतिन भी हादसे में घायल हुए हैं।


हादसे के कारणों की जांच में जुटा प्रशासन
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनिकीरेती थाना प्रभारी ने रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। फिलहाल बस दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस भीषण हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *