पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष, उस्तरा चलने से युवक घायल

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में शुक्रवार को पड़ोस में रहने वाले दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान उस्तरे से वार किए जाने की बात सामने आई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया है।

सिडकुल थानाध्यक्ष अजय शाह के अनुसार, एक पक्ष में रावली महदूद निवासी अजुल उम्र 18 वर्ष, रिजवान उम्र 25 वर्ष और कुर्बान उम्र 48 वर्ष, जबकि दूसरे पक्ष में अनस उम्र 22 वर्ष, मुजमील उम्र 23 वर्ष और फैजल उम्र 18 वर्ष शामिल हैं। सभी एक-दूसरे के पड़ोसी बताए जा रहे हैं।

बताया गया कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान उस्तरे से हमला किए जाने की बात सामने आई। घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

स्थानीय स्तर पर विवाद की वजह मुखबिरी किए जाने का शक बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि विवाद की वास्तविक वजह और उस्तरे से वार करने वाले की भूमिका जांच के बाद स्पष्ट होगी।

घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने और विवाद को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया। सभी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *