अखाड़े की बैठक में गर्मा-गर्मी, बयानबाज और दूत का फोन पर महंत को हड़काना, गर्मायी अखाड़े की राजनीति
खरी-खोटी सुनने के बाद भी महंत की सफाई नहीं आयी काम, अखाड़े के संतों में हस्तक्षेप से रोष
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में हाल ही में एक अखाड़े की आंतरिक बैठक के दौरान संतों के बीच जमकर खींचतान हुई। आरोप-प्रत्यरोप के साथ हंगामा भी हुआ। मामला किसी तरह शांत हुआ तो शाम होते-होते बैठक के बाद हुई बयानबाजी को लेकर विवाद एक बार फिर गरमा गया। इसी बयानबाजी के चलते केकई के दूत ने फोन पर महंत को खरी-खोटी सुना दी, जिसके बाद से संतों में नाराजगी देखी गयी और महंत को बयान जारी करना पड़ा, किन्तु बयान के कोई फायदे सामने नहीं आए। इतना होने के बाद भी महंत को चरणवंदना के लिए जाना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि एक अखाड़े की विगत दिनों बैठक हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कुछ मुद्दों को लेकर संतों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान एक संत ने कुछ संतों पर मोटी रकम लेकर पद देने और संतों के बीच संबंधों को प्रभावित करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। आरोपों के बाद बैठक का माहौल काफी गर्म हो गया। हालांकि, काफी देर तक चली खींचतान के बाद किसी तरह मामला शांत कराया गया। बैठक के बाद एक मढ़ी के संत ने कुंभ-अर्द्धकुंभ में अपने परिवार के टैंट-तंबू न लगाने संबंधी बयान जारी कर मामले में आग में घी डालने जैसा काम कर दिया। सीधे तौर पर संत ने कुंभ और अर्द्धकुंभ की परिवार द्वारा वहिष्कार किए जाने की घोषण कर दी।
बताया जा रहा है कि बैठक में हुए घटनाक्रम के बाद शाम को केकई के नाम से विख्यात एक सेवानिवृत्त संत से जुड़े शिष्य ने एक महंत को फोन कर जमकर खरी-खोटी सुनाई। बैठक के बाद दिए गए बयानों को लेकर शिष्य ने अपनी नाराजगी जाहिर की। सूत्रों का दावा है कि फोन पर हुई बातचीत के दौरान महंत को काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। इसके बाद वह सफाई देते नजर आए। इतना ही नहीं महंत को बयान तक जारी करना पड़ा, किन्तु महंत का बयान कोई काम नहीं आया और महंत को बैठक में हुई छीछालेदारी पर ही संतोष करना पड़ा।
चर्चा यह भी है कि फोन पर नाराजगी जताए जाने के बाद संबंधित महंत घटनाक्रम को नकारते हुए आपसी मित्रता और संबंधों की दुहाई देने लगे। संत समाज में इस सफाई को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। कुछ संत इसे दबाव में दिया गया बयान बता रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने संत समाज के भीतर एक नया सवाल खड़ा कर दिया है। संतों के बीच चर्चा है कि किसी अखाड़े की आंतरिक बैठक में यदि संत आपस में किसी मुद्दे पर असहमति जताते हैं या आरोप-प्रत्यारोप लगाते हैं तो यह उनका आंतरिक मामला है। लेकिन दूसरे अखाड़े से जुड़े किसी संत द्वारा फोन पर किसी महंत को कथित तौर पर अपशब्द कहकर दबाव में लेने की कोशिश करना कहां तक उचित है?
कुछ संतों का मानना है कि दूसरे अखाड़े के आंतरिक मामलों में इस तरह का हस्तक्षेप परंपराओं और अखाड़ों की स्वतंत्रता के लिहाज से उचित नहीं है। इसे लेकर संत समाज में नाराजगी भी बताई जा रही है। खुद अखाड़े के कुछ संत इस बात को लेकर नाराज हैं और इस संबंध में कोई बड़ा कदम उठाने की रणनीति पर मंथन कर रहे हैं।
फिलहाल बैठक में हुए आरोप-प्रत्यारोप और उसके बाद फोन पर हुई कथित बातचीत को लेकर संतों के बीच चर्चाएं जारी हैं। अब देखना यह होगा कि यह मामला आपसी बातचीत से शांत होता है या आने वाले दिनों में अखाड़ों के बीच किसी बड़े विवाद का रूप लेता है।
हालांकि जिस केकई के कहने पर मंहत को दूसरे साधु ने फोन पर हड़काया उसके आका संत ने अपनी जवान नहीं खोली। सूत्र बताते हैं कि सब सुनने के बाद भी महंत का गिड़गिड़ाना और सफाई देना एक दूसरे के बीच बड़ी कहानी की ओर संकेत करता है। चर्चा इस बात की गई थी आखिर दूसरे अखाड़े के अदने से संत की क्या औकात जो एक महंत को फोन पर हड़का दे। संतों का मानना है कि इस घटनाक्रम से यह पता चलता है कि अखाड़े में दबाव की राजनीति में काम किया जा रहा है।

