हरिद्वार। वीकेंड तथा सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात प्लान का पालन करें तथा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।
स्नान पर्व पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू
पुलिस के अनुसार, 13 से 15 जून तक यातायात का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को जनपद की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर नगलाइमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग और हंडिया क्षेत्र में पार्क कराया जाएगा। चीला मार्ग का उपयोग केवल वाहनों के निकास (एग्जिट) के लिए किया जाएगा।
गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक तक यातायात संचालित किया जाएगा। टोल प्लाजा पर दबाव बढ़ने की स्थिति में नहर पटरी मार्ग का उपयोग किया जाएगा। वहीं देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को आवश्यकता पड़ने पर मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हरिद्वार आने वाले वाहनों के लिए सामान्य रूट निर्धारित किए गए हैं। अधिक भीड़ होने पर वाहनों को लक्सर, फेरूपुर और गाजीपुर मार्ग से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा। मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौक होते हुए शहर में प्रवेश मिलेगा, जबकि बड़े वाहनों को गोरीशंकर-नीलधारा पार्किंग में भेजा जाएगा।
देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए हरिद्वार भेजा जाएगा। इनके लिए लालजीवाला, पंतदीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है।
गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ से दिल्ली-एनसीआर की ओर लौटने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, रायवाला और चंडी चौक होते हुए एनएच-344 मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को श्यामपुर मार्ग से निकाला जाएगा।
भीड़ बढ़ने की स्थिति में देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो और विक्रम केवल जयराम मोड़ तक ही संचालित होंगे। वहां यात्रियों को उतारने के बाद उन्हें वापस लौटना होगा। इसके अलावा ललतारौ पुल से शिवमूर्ति तिराहे तक सभी प्रकार के ऑटो, विक्रम और टैक्सियों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
13 जून को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक हरिद्वार में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं 14 जून सुबह 6 बजे से लेकर 15 जून को सोमवती अमावस्या स्नान पर्व समाप्त होने तक शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
14 जून रात 8 बजे से सभी बसों, ट्रैक्टरों और बड़े यात्री वाहनों को हनुमान वाटिका होते हुए चमगादड़ टापू पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
15 जून सुबह 3 बजे से दिल्ली-मेरठ-मुजफ्फरनगर मार्ग से आने वाले सभी बड़े वाहनों को नगलाइमरती से डायवर्ट कर लक्सर, गाजीपुर और श्रीराम पुलिया मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा है कि यातायात की वास्तविक स्थिति को देखते हुए डायवर्जन और प्रतिबंध के समय में आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं। श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अनुरोध है कि वे निर्धारित मार्गों का उपयोग करें, पार्किंग स्थलों का पालन करें और पुलिस प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करें ताकि स्नान पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।


