देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनरों के महंगाई भत्ते (डीए) में दो प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दे दी है। अब महंगाई भत्ता 58 फीसदी से बढ़ाकर 60 फीसदी प्रतिमाह कर दिया गया है। यह बढ़ी हुई दर 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब दो लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों और लगभग डेढ़ लाख पेंशनरों तथा पारिवारिक पेंशनधारियों को सीधा लाभ मिलेगा। कर्मचारियों को जनवरी 2026 से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का एरियर भी मिलेगा। हालांकि एरियर भुगतान की प्रक्रिया और तारीख को लेकर शासनादेश जारी होना अभी बाकी है। शासनादेश जारी होने के बाद भुगतान की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
बढ़ती महंगाई और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच लिया गया यह निर्णय कर्मचारियों के लिए राहत देने वाला माना जा रहा है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है, वहीं खाद्य पदार्थों के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में सरकार द्वारा महंगाई भत्ते में वृद्धि किए जाने से कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक सहारा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने महंगाई भत्ते की मंजूरी के साथ-साथ विभिन्न विकास योजनाओं के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की है। इसके तहत चम्पावत जिले के कोतवाली पंचेश्वर में टाइप-द्वितीय के छह आवासों और चाहरदीवारी निर्माण के लिए 3.13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं नैनीताल जिले के फायर स्टेशन हल्द्वानी में टाइप-द्वितीय के 64, टाइप-तृतीय के 8 और टाइप-चतुर्थ के 4 आवासों के निर्माण के लिए 36.64 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा चम्पावत जिले के थाना रीठा साहिब में टाइप-द्वितीय के छह और टाइप-तृतीय के एक आवास निर्माण हेतु 3.47 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। अल्मोड़ा के मौलेखाल बाजार में पार्किंग निर्माण के लिए 5.91 करोड़ रुपये तथा चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्वालदम बाजार में वाहन पार्किंग निर्माण के लिए 61.57 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
राज्य सरकार के इस फैसले को कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे लाखों परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।


