वीडियो संदेश जारी कर साध्वी ने पूछा- एक संन्यासी को बार-बार थाईलैंड जाना कितना उचित
हरिद्वार। साध्वी दुर्गाचार्य कंचन भवानी ने एक बाबा का नया नामकरण बाबा केंचुआनंद करते हुए उनकी की थाईलैंड यात्राओं को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर बाबा की विदेश यात्राओं, थाईलैंड जाने के उद्देश्य और वहां मसाज कराने को लेकर कई सवाल उठाए हैं। साध्वी ने कहा कि एक संन्यासी के लिए बार-बार थाईलैंड जाना कितना उचित है, इस पर बाबा को स्वयं स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
साध्वी कंचन भवानी ने अपने वीडियो संदेश में दावा किया कि बाबा केंचुआनंद 10 दिसंबर को थाईलैंड गए थे। उन्होंने सवाल किया कि बाबा को थाईलैंड इतना पसंद क्यों है और वे बार-बार वहां क्यों जाते हैं। उन्होंने यात्रा के उद्देश्य को लेकर भी सार्वजनिक रूप से जवाब मांगा।
वीडियो संदेश में साध्वी ने बाबा केंचुआनंद के स्वास्थ्य परीक्षण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने थाईलैंड में एचआईवी संक्रमण से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बाबा का एचआईवी परीक्षण कराने की बात कही।
साध्वी ने कहा कि वर्ष 2025 के बाद थाईलैंड जाने वाले लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर भी विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि यदि बाबा वहां मसाज कराने के लिए जाते हैं तो एक संन्यासी के रूप में उनकी ऐसी यात्राओं को किस नजरिए से देखा जाना चाहिए।
साध्वी ने यह भी कहा कि यदि मसाज कराना ही उद्देश्य है तो भारत में भी कई स्थानों पर पारंपरिक मसाज और आयुर्वेदिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने विशेष रूप से केरल का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि इसके लिए थाईलैंड जाने की क्या जरूरत है।
साध्वी दुर्गाचार्य कंचन भवानी के बयान के बाद संत समाज के बीच बाबा केंचुआनंद की विदेश यात्राओं को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है। हालांकि, साध्वी द्वारा लगाए गए आरोपों और सवालों पर बाबा केंचुआनंद की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
वीडियो संदेश में साध्वी दुर्गाचार्य कंचन भवानी ने बाबा केंचुआनंद की थाईलैंड यात्राओं और मसाज को लेकर क्या-क्या सवाल उठाए, यह वीडियो में सुना जा सकता है।


