उर्मिला सनावर पर एक और मुकदमा दर्ज, राज्यपाल और भाजपा नेता की छवि खराब करने का आरोप

सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने का मामला, नगर कोतवाली में उर्मिला समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

देहरादून। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर सुर्खियों में आई अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब राज्यपाल पद पर आसीन व्यक्ति, भाजपा के वरिष्ठ नेता और एक महिला के खिलाफ कथित आपत्तिजनक व मानहानिकारक आरोपों से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में नगर कोतवाली देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में उर्मिला सनावर के साथ एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस के मुताबिक, हरिद्वार के मोती बाजार निवासी सागर ने नगर कोतवाली में शिकायत देकर बताया कि हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो पर सुजाता पॉल का लोगो लगा हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के कैमरों और माइक के सामने एक राज्य के राज्यपाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता और एक महिला को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक व्यक्तिगत आरोप लगा रही हैं।

शिकायत में कहा गया है कि संबंधित आरोप बिना किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण के लगाए जाने से संबंधित व्यक्तियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही वीडियो के प्रसार से समाज में भ्रम, आक्रोश और वैमनस्य फैलने की आशंका जताई गई है। महिला की निजता और सामाजिक छवि प्रभावित होने का आरोप भी लगाया गया है।

चार धाराओं में मुकदमा, जांच शुरू
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 352, 353 और 356 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना निरीक्षक राकेश रावत को सौंपी गई है। पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच कर रही है।

पहले मामले में उर्मिला को भेजा जा चुका है जेल
इससे पहले 25 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे में पुलिस ने उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। उसी रात न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह मुकदमा पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की बेटी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में सोशल मीडिया पर कथित अश्लील एवं मानहानिकारक टिप्पणी कर उनकी लज्जा भंग करने और परिवार की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *