फ्लाईओवर के नीचे आराम कर रहे दो शिवभक्तों पर गिरा लोहे का गाटर, दोनों की दर्दनाक मौत

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार को बहादराबाद क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे ने श्रद्धालुओं को झकझोर कर रख दिया। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के समीप निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे विश्राम कर रहे दो कांवड़ियों पर अचानक भारी लोहे का चैनल (गाटर) गिर गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।


मृतकों की पहचान तनुज (21) निवासी मुरादनगर और किशन (22) निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान थकान महसूस होने पर वे निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर के लिए बैठ गए। इसी दौरान वहां रखा भारी लोहे का चैनल अचानक अपनी जगह से खिसककर उनके ऊपर आ गिरा, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गए।


हादसे की सूचना मिलते ही शांतरशाह चौकी और बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को लोहे के गाटर के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। घटना के बाद उनके साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।


क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे का चैनल किसकी लापरवाही से रखा गया था तथा निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *