राजेंद्रदास महाराज ने स्वामी करौली शंकर और नया उदासीन अखाड़े के संतों से की बयानबाजी से बचने की अपील, बोले- संत समाज की एकता सर्वोपरि
हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन से जुड़े संतों और स्वामी करौली शंकर महाराज के बीच चल रहे विवाद को लेकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने मध्यस्थता की पहल की है। परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री एवं श्रीपंच निर्मोही अनी अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने दोनों पक्षों को नसीहत देते हुए कहा कि आपसी मतभेदों को सार्वजनिक बयानबाजी का विषय बनाने के बजाय संयम और संवाद से सुलझाया जाना चाहिए।
राजेंद्रदास महाराज ने कहा कि संत समाज की अपनी विशिष्ट परंपरा और मर्यादा है। ऐसे में किसी भी संत को प्रतिक्रिया देते समय अपनी भाषा और व्यवहार का विशेष ध्यान रखना चाहिए। सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने से संत समाज की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने स्वामी करौली शंकर महाराज और नया उदासीन अखाड़े के संतों से आपसी सम्मान बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि महामंडलेश्वर जैसे प्रतिष्ठित पद की गरिमा अखाड़ा परंपरा से जुड़ी है। यदि कोई संत अपनी इच्छा या व्यक्तिगत परिस्थितियों के चलते अखाड़ा छोड़ता है तो यह उसका निजी निर्णय है। अखाड़ा छोड़ने के बाद भी उसके प्रति अपमानजनक टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए। इसी तरह प्रत्येक संत का दायित्व है कि वह जिस अखाड़े से जुड़ा रहा है, उसकी प्रतिष्ठा और परंपराओं का सम्मान करे।
राजेंद्रदास महाराज ने स्पष्ट किया कि स्वामी करौली शंकर महाराज ने स्वयं नया उदासीन अखाड़े से त्यागपत्र दिया है। अखाड़े की ओर से उन्हें निष्कासित नहीं किया गया और न ही उनके खिलाफ कोई अपमानजनक टिप्पणी की गई है। उन्होंने अखाड़े के संतों से भी स्वामी करौली शंकर के प्रति संयमित भाषा का इस्तेमाल करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सभी 13 अखाड़े और उनसे जुड़े संत-महात्मा सनातन परंपरा के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। व्यक्तिगत मतभेदों के कारण संत समाज की एकता और आपसी भाईचारा प्रभावित नहीं होना चाहिए। संतों के बीच सम्मान और सौहार्द बनाए रखना समय की आवश्यकता है।

