जहरीले पदार्थ का सेवन करने से बिगड़ी थी हालत, उपचार के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम
विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में कथित प्रताड़ना से परेशान होकर एक 24 वर्षीय युवक की जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद मौत हो गई। उपचार के दौरान युवक की जेब से मिले सुसाइड नोट में एक युवती और उसकी मां पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। मृतक के पिता की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी अजय कुमार (24) ने शनिवार को गांव से बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर एक ग्रामीण ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन अजय को कनखल स्थित रामकृष्ण परमहंस अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन शनिवार रात करीब दस बजे उसने दम तोड़ दिया। बताया गया कि उपचार के दौरान उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए एक युवती और उसकी मां को जिम्मेदार ठहराया है।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता अनिल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि युवती और उसकी मां उनके बेटे को लगातार प्रताड़ित कर रही थीं। इसी से परेशान होकर अजय ने यह कदम उठाया। उन्होंने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि अजय पुत्र अनिल कुमार निवासी इस्माइलपुर की जहरीले पदार्थ का सेवन करने से मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिता की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। युवती और उसकी मां पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी।

