आईएएस रामविलास ने नहीं खोले राज, अब रिमांड पर लेने की तैयारी

आय से अधिक संपत्ति मामले में फंसे आईएएस रामविलास यादव को कोर्ट में पेश कर विजिलेंस पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि अभी तक 14 घंटे की पूछताछ में रामविलास यादव ने विजिलेंस को आय से अधिक संपत्ति को लेकर सही जवाब नहीं दिए हैं। इतना ही नहीं वह किसी भी रूप से पूछताछ और जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ को आगे बढ़ाया जाएगा। विजिलेंस के मुताबिक यादव शुरू से ही इस मामले में सहयोग नहीं कर रहे हैं।


उत्तराखंड विजिलेंस के एडीजी अमित सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिस तरह से हाईकोर्ट के आदेश पर उन्हें विजिलेंस ऑफिस में दस्तावेज और सुबूत के पेपर लेकर पहुंचना था, ऐसा रामविलास यादव ने कुछ नहीं किया। ना ही आय से अधिक संपत्ति जांच की किसी बात का उन्होंने संतुष्ट करने वाला कोई जवाब दिया। विजिलेंस के मुताबिक आईएएस रामविलास यादव की बेटी के अकाउंट से 15 लाख की नकदी बरामद हुई है। इस नकदी का कोई लेखा-जोखा नहीं है। उसकी भी जांच हो रही है। पत्नी के अकाउंट और संपत्ति का भी कोई सुबूत सामने नहीं आया है। इसको भी विजिलेंस जांच में शामिल किया गया है।
रामविलास यादव की 70 लाख की एफडी भी जांच में आई है। इस एफडी का भी कोई लेखा-जोखा प्राप्त नहीं हुआ है। विजिलेंस के मुताबिक रामविलास यादव सरकारी सेवा में हैं। उनकी पत्नी भी नौकरी करती हैं। उनकी आमदनी के हिसाब से संपत्ति 500 प्रतिशत से अधिक है। ये संपत्ति जांच के घेरे में है। कई ऐसी संपत्तियां हैं जिनको उन्होंने ट्रस्ट का बताया है। इन संपत्तियों में लखनऊ में प्राइमरी स्कूल के साथ बिल्डिंग को भी उन्होंने दर्शाया है। लेकिन कोई आय स्रोत का लेखा-जोखा सामने नहीं आया है।


विजिलेंस के मुताबिक आरोपी आईएएस अधिकारी रामविलास यादव ने कोर्ट आदेश के उपरांत पूछताछ में किसी भी आय से अधिक संपत्ति का सही जवाब नहीं दिया। पूछताछ के दौरान क्रमवार प्रश्न के तहत अलग-अलग प्रॉपर्टी के क्रय विक्रय का विवरण पूछा गया। बैंक लॉकर और देहरादून आवास पर मिले प्रॉपर्टी कागजात के बारे में पूछा गया। इसके बारे में कहा गया कि मैं इसका उत्तर बाद में दूंगा या मेरी पत्नी ही बता सकती हैं। जबकि दोनों ने ही इसका कोई जवाब नहीं दिया। आरोपी अधिकारी रामविलास यादव ने अपने दिलकुशा विहार रानीकोठी लखनऊ स्थित आवास और गुडंबा में स्थित, संचालित जनता विद्यालय पर किए गए काम के स्रोत व आय व्यय स्रोतों के बारे में कुछ भी कोई जवाब नहीं दिया। नोएडा में क्रय किए गए फ्लैट की रजिस्ट्री में रामविलास यादव और कुसुम यादव का नाम होने के विषय में आरोपी ने बताया कि क्रय करते हुए पुत्री नाबालिग थी। इसलिए हमारा नाम भी फ्लैट रजिस्ट्री खरीद में जोड़ा गया।


विजिलेंस के मुताबिक आरोपी और उसके द्वारा आय-व्यय की सारी रकम के बारे में कुछ भी सही से नहीं बताया गया। जिससे स्पष्ट होता है कि आरोपी अधिकारी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 13(1) ख सपठित धारा 13 (2) का जुर्म किया है। इसी के आधार में आईएएस रामविलास यादव को पूछताछ के दौरान बीती रात सतर्कता अधिष्ठान में गिरफ्तार किया गया। आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी है। इससे पहले आय से अधिक संपत्ति मामले में 14 घंटों की पूछताछ के उपरांत आखिरकार आईएएस रामविलास यादव को रात 2.15 बजे गिरफ्तार कर लिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *