डेढ़ साल की मासूम को बनाया हवस का शिकार, आरोपी गिरफ्तार

एक 40 साल के व्यक्ति ने डेढ़ साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म किया है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला फरीदाबाद के एक गांव का है, जहां डेढ़ वर्ष की बच्ची के साथ 40 साल के पड़ोसी ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने दुष्कर्म की वारदात को उस समय अंजाम दिया जब बच्ची के माता-पिता काम के लिए बाहर गए हुए थे। पीडि़त बच्ची की मां घरों में साफ-सफाई का काम करती है जबकि उसके पिता एक फैक्ट्री में काम करते हैं। 16 अप्रैल को दोनों ही अपने अपने काम के लिए बाहर गए थे। जब बच्ची की मां वापस घर लौटी तो उसने देखा कि पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति उसकी बच्ची के साथ गलत काम कर रहा है। पीडि़त बच्ची की मां ने जब शोर मचाया तो आरोपी वहां से फरार हो गया। जिसके बाद बच्ची की मां ने उसको बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बच्ची का इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर बच्ची के माता-पिता के बयान लिए और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के क्रम में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के कथरा खगेई का रहने वाला है, और वर्तमान में बल्लभगढ़ के गांव शाहपुरा में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को शाहपुरा से ही गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *