रानीपुर क्षेत्र में तमंचे के बल पर पल्सर और मोबाइल लूटने का मामला, कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद
हरिद्वार। सिडकुल थाना पुलिस ने वाहन लूट के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। मामले में तीन आरोपियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को आनेकी हेतमपुर निवासी पंकज कुमार ने सिडकुल थाने में तहरीर दी थी। बताया गया कि रानी रो नदी के पास करीब दोपहर 1:30 बजे चार अज्ञात बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनकी पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि आदित्य वशिष्ठ उर्फ पंडित लगातार फरार चल रहा था। उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने तलाश के दौरान इनामी आरोपी आदित्य वशिष्ठ को औरंगाबाद से डालूवाला मजबता की ओर जाने वाले रास्ते पर पुल के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके वारदात में शामिल होने की बात सामने आई। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम पता आदित्य वशिष्ठ उर्फ पंडित (21), पुत्र अमित वशिष्ठ, निवासी ग्राम औरंगाबाद, थाना सिडकुल, हरिद्वार बताया गयाहै।

