स्कॉर्पियो और मिट्टी से भरे डंपर की आमने-सामने भिड़ंत से हुआ हादसा
विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर-पुरकाजी रोड पर भैंसली वाला गांव के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मुजफ्फरनगर लौट रहे परिवार की स्कॉर्पियो सामने से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर से टकरा गई। आमने-सामने की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरनगर जिले का परिवार लक्सर की श्रीराम कॉलोनी में अपने रिश्तेदार के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था। समारोह के बाद देर रात परिवार के सात सदस्य स्कॉर्पियो से वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। जैसे ही वाहन भैंसली वाला गांव के पास पहुंचा, सामने से तेज गति से आ रहे डंपर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। दुर्घटना में 50 वर्षीय आदेश, उनकी 35 वर्षीय बहन निशा, 37 वर्षीय बहन राखी और आदेश की 12 वर्षीय बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं आदेश की पत्नी, उनकी बुजुर्ग मां और छह वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
डंपर चालक फरार, वाहन कब्जे में
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
तेज रफ्तार डंपरों पर ग्रामीणों का गुस्सा
हादसे के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि लक्सर-पुरकाजी रोड पर मिट्टी से भरे डंपर तेज रफ्तार में दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से डंपरों की गति और संचालन पर प्रभावी निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

