दुर्गा चौक के पास हादसा, बस चालक हिरासत में
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस बेकाबू होकर ऑटो समेत पांच वाहनों से जा टकराई। दुर्गा चौक के पास हुए हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक का हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में सड़क पर मौजूद एक कुत्ते की भी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे निजी बस दुर्गा चौक की ओर से गुजर रही थी। बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने जा रही थी। इसी दौरान चौक के पास बस ने पहले ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़ी चार कारों को भी टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो समेत पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में सुभाष नगर ज्वालापुर निवासी ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं गंभीर रूप से घायल हुए। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना में उनका हाथ कटकर अलग हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जौलीग्रांट रेफर कर दिया।
हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। गनीमत रही कि सुबह के समय अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने बस चालक विपिन कुमार सैनी निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर ज्वालापुर को हिरासत में लेकर बस कब्जे में ले ली है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

