पैसों के लेनदेन को लेकर किया था हमला, गिरफ्तारी से बचने के लिए बदल रहा था ठिकाना
हरिद्वार। जनपद की कोतवाली मंगलौर ग्राम नाथूखेड़ी में महिला पर जानलेवा हमला करने के मामले में मंगलौर पुलिस ने नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और गमछा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम नाथूखेड़ी निवासी महिला ने 30 सितंबर 2026 को कोतवाली मंगलौर में तहरीर देकर बताया था कि उसकी माता पर ग्राम जाटोला, देवबंद निवासी शुभम कुमार पुत्र कृष्णपाल ने जान से मारने की नीयत से हमला किया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमला पैसों के लेनदेन को लेकर किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देशन में मंगलौर पुलिस ने टीम गठित कर आरोपित की तलाश में लगातार दबिश दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित लगातार ठिकाने बदल रहा था।
लगातार दबिश के बाद पुलिस टीम ने आरोपित शुभम कुमार पुत्र कृष्णपाल निवासी ग्राम जाटोला, देवबंद, जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और गमछा बरामद किया है। आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।

