हरिद्वार में गंगा तट पर यज्ञ-हवन के बाद छह लोगों की ‘घर वापसी’

पीलीभीत के एक परिवार के पांच सदस्य और सहारनपुर का युवक शामिल, विधि-विधान से हुआ शुद्धि संस्कार व नामकरण
हरिद्वार।
धर्मनगरी हरिद्वार में चंडीघाट स्थित तीर्थ सेवा न्यास आश्रम में छह लोगों के सनातन धर्म में लौटने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के एक ही परिवार के पांच सदस्यों और सहारनपुर निवासी एक युवक ने मुस्लिम धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाने की घोषणा की। गंगा तट पर गंगा स्नान और पूजन के बाद यज्ञ-हवन तथा शुद्धि संस्कार कराया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी का नामकरण किया गया।


कार्यक्रम तीर्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष तीर्थाचार्य संत राम विशाल दास महाराज के सानिध्य में हुआ। न्यास के संरक्षक बाबा हठयोगी महाराज, आचार्य कुलदीप विद्यार्थी, आचार्य मुकेश शास्त्री समेत कई संत-महात्मा मौजूद रहे। हवन और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद नवदीक्षित सदस्यों का पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

परिवार के पांच सदस्यों के बदले नाम
न्यास के अनुसार पीलीभीत निवासी माहिद अपनी पत्नी सबीना बीबी और तीन बच्चों रिहान, आरव व इनाया के साथ हरिद्वार पहुंचे थे। परिवार ने सनातन धर्म में लौटने की इच्छा जताई। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद माहिद का नाम मोहित, सबीना का खुशी, दोनों पुत्रों के नाम रोशन और रोहन तथा पुत्री का नाम अनन्या रखा गया। वहीं सहारनपुर निवासी इब्राहिम को नया नाम विराट पुंडीर दिया गया। तीर्थ सेवा न्यास की ओर से सभी छह लोगों को घर वापसी प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

‘बिना किसी दबाव के लिया फैसला’
कार्यक्रम के दौरान मोहित ने कहा कि उन्होंने बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से यह निर्णय लिया है। उनके अनुसार सनातन परंपरा में उन्हें सम्मान, दया और शांति का भाव महसूस हुआ।


तीर्थाचार्य संत राम विशाल दास महाराज ने कहा कि सनातन केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्य, संस्कार, कर्तव्य और सेवा की जीवन-दृष्टि है। उन्होंने कहा कि अपनी इच्छा से लिए गए ऐसे निर्णयों का समाज को सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम में महंत करण गिरि, पालप देव आश्रम के महंत ओमदास, महंत हितेश दास, ठाकुर शुभम सिंह, राजेश कुमार सहित कई संत-महात्मा मौजूद रहे। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद सभी छह लोगों का स्वागत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *