गृह क्लेश के बाद युवक ने खाया जहरीला पदार्थ, उपचार के दौरान मौत

रास्ते को लेकर परिवार में चल रहा था विवाद
विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर के सुल्तानपुर में गृह क्लेश के बाद एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हरिद्वार रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान इमरान (34) पुत्र यासीन निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है।


बताया गया कि इमरान जेके टायर कंपनी में चालक के पद पर कार्यरत था। रविवार को ड्यूटी से घर लौटने के बाद किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हो गया। विवाद के बाद इमरान ने जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे हरिद्वार रेफर कर दिया। परिजन उसे हरिद्वार स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

रास्ते को लेकर चल रहा था विवाद
बताया जा रहा है कि इमरान का परिवार के लोगों के साथ रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर रविवार को पति-पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, युवक ने जहरीला पदार्थ किन परिस्थितियों में खाया और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी बीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सुल्तानपुर निवासी एक युवक के जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिली थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान इमरान पुत्र यासीन के रूप में हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *