पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति फरार


सोमवार सुबह देहरादू नके क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां 26 वर्षीय काजल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से उसका पति धीरज पंवार फरार है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार ने कंट्रोल रूम को फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने उससे दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने कॉल की जानकारी के आधार पर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।


पुलिस टीम एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में पहुंची, जहां काजल मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में उसकी मौत गोली लगने से होना सामने आया। मौके पर पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


पुलिस के मुताबिक काजल अपने पति के साथ क्लेमेनटाउन क्षेत्र में रह रही थी। मृतका के भाई ने तहरीर में बताया कि पिछले कई दिनों से काजल और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस अब विवाद की वजह और हत्या की परिस्थितियों की जांच कर रही है।


सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *